महोबा /उत्तर प्रदेश : महोबा में 6 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डेढ़ वर्ष पूर्व ही उसने लव मैरिज की थी। जिस प्रेमी को उसने सामाजिक जाति बंधन को तोड़कर अपना जीवन साथी बनाया था उसी पर उसकी हत्या करने का आरोप मायके पक्ष ने लगाया है। जबकि आरोपी पति लगाए जा रहे आरोपों को गलत बता रहा है उसकी माने तो बीमारी के चलते उसकी पत्नी की मौत हुई है। इस मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया है और पुलिस तहरीर मिलने पर आगे जांच कर कार्यवाही की बात कह रही है।दरअसल आपको बता दें कि उक्त मामला जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पचपहरा गांव का है। जहां रहने वाले 30 वर्षीय मनोज अहिरवार से हमीरपुर जनपद के ग्राम इमलिया निवासी पिंकी प्रजापति उर्फ नीतू ने लव मैरिज की थी। पिंकी का पिता श्रीराम प्रजापति बताता है कि डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी पुत्री को बहला फुसला कर मनोज अहिरवार अपने साथ ले गया था और फिर उसने कोर्ट मैरिज कर ली थी। बताया जाता है कि ईट भट्टे में मजदूरी करने के दौरान पिंकी प्रजापति का मनोज अहिरवार से प्रेम हो गया। इस प्रेम में आ रहे सामाजिक और जाति बंधन को तोड़कर पिंकी ने मनोज अहिरवार से साथ जीने मरने की कसमें खाकर लव मैरिज कर ली थी। मगर अचानक हुई उसकी मौत के बाद अब पति मनोज पर साजिश कर हत्या करने का आरोप मायके पक्ष ने लगाया है। पिता श्रीराम प्रजापति का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पुत्री के साथ मनोज मारपीट करता था। अक्सर होती मारपीट के चलते पुत्री ने अपने पिता और परिजनों को भी बताया था, लेकिन सब कुछ ठीक होने की उम्मीद से पिता और मायके पक्ष ने उनके वैवाहिक जीवन में कोई अड़चन पैदा नहीं की। पिता बताता है कि आज मनोज का फोन आया कि उनकी पुत्री पिंकी की अचानक मौत हो गई है और यह कहकर उसने फोन काट दिया। सूचना पर पिता और परिजन मौके पर पहुंचे हैं। पिता ने पति मनोज पर ही मारपीट कर मारने का गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ इन आरोपों को लेकर पति मनोज का कुछ और ही कहना है। मनोज बताता है कि उसकी पत्नी पिंकी के सिर में अक्सर दर्द होता था, बीते रोज अचानक उसके सिर में उठे दर्द के चलते वह अचेत ठोकर गिर पड़ी। बेहोशी हालत में अस्पताल लेकर आया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे झांसी और फिर ग्वालियर ले जाया गया। पति मनोज की माने तो उसके सिर में कोई पुरानी चोट होने के चलते डॉक्टर ने ऑपरेशन किए जाने की बात कही। जिसका उपचार चल ही रहा था मगर ऑपरेशन से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। उस पर लग रहे आरोप निराधार हैं। इस मामले को लेकर शहर कोतवाल अर्जुन सिंह बताते हैं कि विवाहित महिला की मौत की सूचना मिली थी। प्रथम जानकारी में बीमारी के चलते मौत होना बताया जा रहा है। शव पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई। तहरीर मिलने के बाद आगे वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।